बेटे की बारात में जाने से पहले ही पिता की हार्टअटैक से मौत
डिबाई। नगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार देर शाम बेटे की घुड़चढ़ी के बाद हार्टअटैक आने से मौत हो गई। बताया गया कि नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के बड़े बेटे की छतारी थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी तय हुई थी। शुक्रवार को बारात जानी थी। परिजनों के मुताबिक परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ था, घर में रिश्तेदार आए हुए थे और नाच गाना चल रहा था। शाम को बड़े बेटे की घुड़चढ़ी की रस्म भी पूरी हुई। इस दौरान दूल्हे के पिता को सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह अचेत हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर में खुशियों का माहौल एकाएक मातम में बदल गया। आनन-फानन में दूल्हे व पांच बारातियों को बहू लाने के लिए भेजा गया है। परिजनों ने बताया कि सुबह दुल्हन के आने के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।