बिना मानक, सड़कों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा
फोटो
- निर्धारित किए गए रूट का नहीं किया जा रहा है पालन
- तत्कालीन डीएम के आदेश पर रंग के अनुसार निर्धारित किया था रूट
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शहर में अफसरों की लापरवाही का सीधा दंश लोगों को झेलना पड़ रहा है। अधोमानक ई-रिक्शा शहर की सड़कों पर दौड़ रहे है, लेकिन अफसर इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे है। इससे शहर में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन डीएम ने ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित किए थे, लेकिन आदेशों का अफसर पालन नहीं करा पा रहे हैं।
डीएम के आदेश पर रंगों के हिसाब से ई-रिक्शाओं के रूट तय किए गए थे, लेकिन अभी तक इसका पालन कराने में अफसर पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। जिसके चलते कहीं सड़कों पर ई-रिक्शा की भरमार रहती हैं तो कहीं पर दो-चार ही घूमते दिखाई देते हैं। डीएम ने एआरटीओ को आदेश देते हुए सभी रूटों पर रंगों के हिसाब से ई-रिक्शा संचालित करने के आदेश दिए थे, अन्यथा की स्थिति में ई-रिक्शा को जब्त करने की कार्रवाई के लिए भी आदेशित किया था।
तय किए गए थे पार्किंग स्थल
- डीएम ने आदेश देते हुए नगर पालिका अफसरों से पार्किंग स्थल तय कराए थे। तत्कालीन डीएम के आदेशानुसार नगर में काला आम चौराहा, डीएवी तिराहा, अनूपशहर अड्डा, मामन रोड पर ही ई-रिक्शा खड़े करने के आदेश दिए थे, लेकिन हालत यह है कि ई-रिक्शा संचालक कहीं भी ई-रिक्शा खड़े कर देते हैं जिससे जाम की स्थिति पैदा होती है।
कोट
- शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। ई-रिक्शाओं का रूट निर्धारण करने की भी तैयारी की जा रही है। शहर के लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
- मोहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रवर्तन