नंबर बढ़ाने के बहाने ‘गुरुजी’ ने कराया रिचार्ज!
बीबीनगर।
यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद एक शिक्षक की भूमिका संदेह के दायरे में आ रही है। इंटरमीडिएट के एक छात्र ने हिंदी विषय की कापी में अपना मोबाइल नंबर लिख दिया। लिखे नंबर के आधार पर शिक्षक ने नंबर बढ़ाने का झांसा देते हुए छात्र से अपने मोबाइल में 200 रुपये का रिचार्ज कराने की बात कही। मोबाइल नंबर रिचार्ज कराने के बावजूद शिक्षक ने बताए नंबरों से भी तीन अंक छात्र को कम दिए। नेट पर अंकतालिका मिलने के बाद से छात्र आक्रोश में है।
यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होने के बाद इंटरमीडिएट के छात्र को मायूसी व आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है हालांकि छात्र सभी विषयों में पास हो गया। छात्र ने बताया कि हिंदी विषय का पेपर उम्मीद के अनुरूप न होने के कारण उसने उत्तर पुस्तिका में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया। कापियों के मूल्यांकन के समय फैजाबाद से आई एक काल आई और उसने खुद को शिक्षक बताते हुए हिंदी के विषय में 39 नंबर से बढ़ाकर 45 कराने का झांसा दिया तथा अपने मोबाइल में 200 रुपये का रिचार्ज कराने की बात कही। छात्र ने शिक्षक की बात पर विश्वास करते हुए बताए मोबाइल नंबर पर रिचार्ज करा दिया। रविवार को नेट से छात्र को अंकतालिका मिलने के बाद अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। छात्र को उक्त विषय में 50 में से 32 नंबर ही प्राप्त हुए। अब छात्र उक्त शिक्षक के नंबर पर लगातार फोन लगा रहा है लेकिन नंबर स्विच ऑफ जा रहा है।