आलोचनाओं को दरकिनार कर पढ़ाई पर करें फोकस : डीएम
बुलंदशहर। हाईस्कूल और इंटर के टॉपर छात्र-छात्राओं को डीएम ने कैंप कार्यालय पर सफलता के टिप्स दिए। डीएम ने टॉपर बच्चों को कहा कि वह अपने आसपास के लोगों की आलोचनाओं को दरकिनार कर अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहे। बच्चों ने भी डीएम के साथ अपने विचार साझा किए।
सोमवार सुबह जिले के टॉपर बच्चों समेत इंटर व हाईस्कूल में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले बच्चों ने डीएम अनुज झा से मुलाकत कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को अपनी जीवन यात्रा सुनाकर उनके हौसलों को बढ़ाया। डीएम ने अपनी पारिवारिक स्थिति और छात्र जीवन के संघर्षों से छात्रों को रूबरू कराया और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि पहली सफलता हासिल कर अपने हौसलों को कमजोर मत करना, क्योंकि आगे अभी और भी कड़ी परीक्षाओं का सामना करना पड़ेगा। इन परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर और अधिक कड़ी मेहनत की आवश्यकता है। डीएम ने सभी छात्र-छात्राओं को पेन भेंट करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने भी टॉपरों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान कक्षा 10वीं की टॉपर छात्रा गीतांजलि वर्मा, पुलकित बंसल, निशांत कुमार, सुबोध कुमार, सुरभी सिंह, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार, तनिश शर्मा और नंदनी त्यागी के अलावा इंटर के टॉपर छात्र प्रतीक चौधरी, आकाश अग्रवाल, अमन चौहान, सेजल गर्ग, मोहम्मद सलमान, तनिशा शर्मा, अमिशा सिंघल, निशांत कुमार, रविंद्र कुमार और ऋषभ शर्मा आदि अपने अध्यापकों एवं अभिभावकों के साथ शामिल रहे।