जिले की 300 हेक्टेयर बंजर भूमि बनेगी उपजाऊ
- किसान समृद्धि योजना के तहत अफसरों ने चिन्ह्ति की जमीन
- डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर और गंगा किनारे चिन्ह्ति की गई जमीन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले की 300 हेक्टेयर बंजर भूमि उपजाऊ बनेगी। यह जमीन डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर क्षेत्र के अलावा गंगा किनारे चिन्हित की गई है। इस भूमि को किसान समृद्धि योजना के तहत चिन्हित कर अफसरों ने उपजाऊ बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
जिला भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए किसान समृद्धि योजना संचालित की है। इस योजना के तहत जिले में 300 हेक्टेयर बंजर भूमि को चिन्हित किया गया है। यह जमीन डिबाई, शिकारपुर, बुलंदशहर और गंगा किनारे चिन्हित की गई है। इस जमीन में कृषि विभाग की ओर से उपजाऊ बनाने के लिए उर्वरक आदि खाद्य पदार्थ निशुल्क दिए जाएंगे। इसके लिए जमीन वाले किसानों को पंजीकरण करवाना होगा। भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए उर्वरक आदि सभी सामान किसान को खुद खरीदना होगा। उसके बाद सरकार की ओर से खर्च होने वाली राशि उसे उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस भूमि वाले किसानों को सरकार से बीज आदि भी उपलब्ध करवाया जाएगा। डॉ. घनश्याम ने बताया कि किसान समृद्धि योजना के तहत चिन्हित की गई 300 हेक्टेयर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और इस कार्य को पूरा करने के लिए विभागीय अफसर और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी है।