खेत में तालाब बनाएंगे किसान तो मिलेगा 50 फीसदी अनुदान
- शासन की खेत तालाब योजना से भूजल स्तर को बढ़ाने की हो रही पहल
- जिले में अब तक छह तालाब बनकर हो चुके हैं तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। यदि कोई किसान अपने खेत पर तालाब बनवाना चाहता है तो उसे सरकार 50 फीसदी अनुदान देगी। शासन की खेत तालाब योजना से भूजल स्तर को बढ़ाने की यह एक पहल है। जिले में अब तक इस योजना से छह तालाब बनकर तैयार हो गए हैं।
भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम शर्मा ने बताया कि शासन ने लगातार गिर रहे भूजल स्तर को बचाने के लिए खेत तालाब योजना शुरू की है। इस योजना से यदि कोई किसान अपने खेत में तालाब बनाना चाहता है तो उसे सरकार से 50 फीसदी अनुदान मिलेगा। एक तालाब को बनाने में 1.05 लाख रुपये की राशि खर्च होती है। इस राशि को पहले किसान खुद वहन करता है और तालाब बनने के बाद शासन से उसे 50 फीसदी राशि का भुगतान कर दिया जाता है। जिले में अब तक छह तालाब बनकर तैयार हो चुके हैं और इच्छुक किसान इस तरह के तालाब बनाने के लिए संबंधित कार्यालय से संपर्क कर जानकारी हासिल कर सकते हें।
तालाब बनाने से यह हैं फायदे
खेत तालाब योजना से तालाब में बारिश का पानी एकत्रित किया जाएगा। इस पानी से जहां भूजल स्तर बढ़ेगा, वहीं किसान जरूरत पड़ने पर इस पानी से फसलों की सिंचाई कर सकता है। इतना ही नहीं तालाब में मच्छी पालन और सिंघाड़े की खेती भी की जा सकती है। तालाब के किनारे अमरूद, केला, आम, नीबू आदि के पौधे लगाकर भी अरिक्त लाभ लिया जा सकता है।
जिले में इन स्थानों पर बन गए हैं तालाब
जिला भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम शर्मा ने बताया कि खेत तालाब योजना से जिले में अब तक ऊंचा गांव ब्लॉक के गांव नरसैना में दो, शिकारपुर के गांव रिवाड़ा, गुलावठी ब्लॉक के गांव बागवाला और दानपुर ब्लॉक के अमरपुर गांव में दो तालाब बन गए हैं। उन्होंने इच्छुक किसानों से तालाब बनवाने का आह्वान किया है।