फोटो समाचार
एटीएम हुए खाली, भटक रहे उपभोक्ता
- जरूरत के अनुसार रुपये नहीं मिलने पर बढ़ रही आमजन की परेशानी
- दो हजार के नोट की बाजार में कमी, स्टोर करने की चर्चा
- लीड बैंक मैनेजर बोले, आरबीआई से रुपयों की सप्लाई कम होने से बनी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। एटीएम में रुपयों की कमी आमजन की परेशानी बढ़ा रही है। चर्चा है कि दो हजार का नोट स्टोर कर लिया गया है, जिसके चलते बाजार में करेंसी की कमी आने लगी है। वहीं, लीड बैंक मैनेजर का कहना है कि आरबीआई से रुपयों की सप्लाई कम होने से परेशानी बन रही है।
विगत वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए थे। इससे आमजन की परेशानी बढ़ गई थी हालांकि नोटबंदी के कुछ समय बाद बाजार में दो हजार और उसके बाद 500 का नया नोट आने से कुछ राहत मिली थी। मगर, जैसे-जैसे समय बीतता गया तो रुपयों की कमी आड़े आने लगी। स्थिति यह है कि अधिकतर एटीएम खाली हैं। मंगलवार को अधिकांश एटीएम में रुपया नहीं मिलने के कारण लोगों को भटकना पड़ा। बाजार में इन दिनों चर्चा है कि दो हजार का नोट बड़ा होने के कारण उसे स्टोर कर लिया गया है, जिसके चलते लगातार बाजार में रुपयों की कमी होती जा रही है। चर्चा यह भी है कि दो हजार का नोट बड़ा होने के कारण उसे खुलाने की कोई जहमत नहीं उठाता। वहीं लीड बैंक मैनेजर का कहना है कि आरबीआई से रुपयों की सप्लाई कम होने के कारण भी समस्या बढ़ रही है। अफसरों ने माना कि मंगलवार को स्टेट बैंक के आठ एटीएम में रुपये नहीं डाले गए। इसका कारण भी रुपयों की कमी बताया जा रहा है। जिले में विभिन्न बैंकों की 255 शाखाएं हैं और इनके करीब 155 एटीएम हैं। जहां से जिले के हजारों लोग रुपये निकालकर अपना काम चलाते हैं।
आरबीआई से कम रुपया सप्लाई किया जा रहा है। दो हजार का नोट बाजार में कम हो गया है। इसके चलते रुपयों की कमी होती जा रही है। स्टेट बैंक के आठ एटीएम में आज रुपया नहीं डाला गया। - सतपाल मेहता, लीड बैंक मैनेजर, बुलंदशहर।