हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर महिला की मौत
- सोमवार दोपहर छत पर चारा लेने गई थी विवाहिता
अमर उजाला ब्यूरो
डिबाई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव इछावरी में सोमवार दोपहर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गुस्सा है। फरवरी में दानपुर में एक किशोर की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। बावजूद इसके विद्युत विभाग सबक नहीं ले रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव इछावरी निवासी सत्य प्रकाश बघेल मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। सोमवार सुबह वह खेत में गेहूं निकाल रहा था। पत्नी बबली (22) घर में अकेली थी। वह धान का पुरा हटाने छत पर गई थी। इस दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुुलस गई। चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आनन-फानन में बबली को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पांच वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। उसकी एक ढाई साल की बेटी है। इस संबंध में एक्सईएन वेद प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि महिला की मौत की जानकारी मिली है। सूचना मिली है कि महिला की मौत किसी बिजली उपकरण की चपेट में आने से हुई है। जांच के लिए विभाग की इलैक्ट्रिक सेफ्टी टीम को लगाया गया है। वहीं विधायक डॉ. अनीता लोधी राजपूत ने कहा कि हाईटेेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत का मामला गंभीर है। पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। जल्द से जल्द मकानों के समीप से गुजर ही हाईटेंशन लाइनों को हटवा दिया जाएगा।