अवैध बिक्री के लिए रखा 12 हजार लीटर डीजल पकड़ा
- भारी मात्रा में पॉटरी में प्रयोग होने वाला काला तेल भी बरामद
- 1500 लीटर केरोसीन व मोबिल ऑयल को अफसरों ने किया सीज
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अरनिया क्षेत्र के गांव मुनि में खुर्जा एसडीएम ने छापामार कार्रवाई करते हुए तेल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गांव में छापेमारी के दौरान एसडीएम ने एक गोदाम से 12 हजार लीटर डीजल, केरोसीन व मोबिल ऑयल समेत अन्य सामग्री बरामद की है। साथ ही दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
खुर्जा एसडीएम पुलकित गर्ग (आईएएस) ने बृहस्पतिवार को अरनिया के गांव मुनि निवासी जयप्रकाश शर्मा और मुकेश शर्मा दोनों भाईयों के गोदाम पर छापा मारते हुए 12 हजार लीटर अवैध डीजल से भरा एक टैंकर, 1500 लीटर केरोसीन ऑयल, 10 पेटी मोबिल ऑयल और एक टैंकर में पॉटरी में प्रयोग होने वाला काला तेल बरामद किया है। एसडीएम ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की, जबकि तीन टैंकर समेत अन्य बरामद सामग्री को अरनिया थाना पुलिस की सुपुर्दगी में देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की है। वहीं दोनों मुख्य आरोपी भाई अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। एसडीएम खुर्जा पुलकित गर्ग ने बताया कि छापेमारी के दौरान बरामद सामग्री को थाना पुलिस की सुपुर्दगी में देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।