राह होगी आसान, जाम से मिलेगी निजात
- डीएम के आदेश पर मामन चौकी से ठंडी प्याऊ तक सड़क निर्माण शुरू
- शहर के बाहर से निकल जाएंगे खुर्जा और अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहन
- शिकारपुर बाईपास से एनएच-91 को जोड़ता है यह मार्ग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब जल्द ही खुर्जा और अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को शहर में अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। डीएम के आदेश पर मामन चौकी से ठंडी प्याऊ तक की सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। दो माह में सड़क निर्माण पूरा हो जाएगा।
नगर के मामन चौकी से ठंडी प्याऊ के लिए जाने वाली सड़क अति जर्जर हालत में है। इसके चलते कोई भी वाहन चालक इस सड़क से नहीं जाता है। शहर के अंदर से भारी वाहनों के गुजरने के चलते शहर में लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ता है। अब शहर के लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी तो वहीं स्याना, गढ़मुक्तेश्वर, बदायूं, अनूपशहर से आने वाले वाहन चालकों के लिए खुर्जा जाने की दूरी भी कम होगी। डीएम के आदेश पर इस सड़क को दोबारा बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था के मुताबिक अगले दो माह में सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद वाहन इस पर फर्राटा भर सकेंगे।
खुर्जा-अलीगढ़ के लिए मिलेगा बाईपास
मामन चौकी से ठंडी प्याऊ तक जाने वाले रास्ते के निर्माण से खुर्जा-अलीगढ़ के लिए बाईपास मिल जाएगा। ठंडी प्याऊ पर एनएच-91 को लिंक करने वाली सड़क पर नीमखेड़ा के समीप पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग पर भी फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में है। ऐसे में लोगों को रेलवे फाटक बंद होने की समस्या से भी निजात मिल सकेगी।
अलीगढ़ से आने वाले वाहनों को भी मिलेगी सुविधा
अलीगढ़-खुर्जा से बरेली-बदायूं, अनूपशहर, स्याना, गढ़मुक्तेश्वर जाने वाले वाहन चालकों को भी इस सड़क निर्माण से राहत मिलेगी। इन वाहन चालकों को ठंडी प्याऊ से ही कट लेकर बुलंदशहर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
कोट-
डीएम के आदेश पर सड़क निर्माण कराया जा रहा है। अगले दो माह में निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद लोगों के लिए एक बाईपास तैयार हो जाएगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी। - अरविंद मिश्र, एडीएम प्रशासन
अच्छी खबर 2:
घनी हरियाली के बीच मिलेगा टहलने का आनंद
- इसी माह बनकर तैयार हो जाएगा नहर के समीप वॉकिंग ट्रैक
- डीएम के आदेश पर करीब 60 लाख की धनराशि से हो रहा है निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
शहर के लोगों को इसी माह से घनी हरियाली के बीच टहलने का अवसर मिल सकता है। नहर के समीप बनाए जा रहे वॉकिंग ट्रैक का निर्माण इस माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। डीएम के आदेशों पर चल रहे निर्माण पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे लोगों को टहलने के लिए उचित स्थान मिलने के साथ ही ताजगी भी मिलेगी।
डीएम डॉ. रोशन जैकब ने शहर के लोगों को टहलने के लिए नहर के समीप वॉकिंग ट्रैक का निर्माण कराने के आदेश दिए थे। डीएम के आदेश पर बीडीए द्वारा वॉकिंग ट्रैक और वन चेतना केन्द्र का करीब 60 लाख रुपये से निर्माण शुरू कराया था। वॉकिंग ट्रैक और वन चेतना केन्द्र पर लोगों के लिए हरियाली से लेकर ताजगी तक का पूरा ध्यान रखा गया है। डीएम के आदेश पर शुरू किए गए दोनों निर्माण लगभग अंतिम चरण में हैं। अप्रैल माह के अंत तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। बीडीए सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि कार्य अंतिम चरण में है। जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अच्छी खबर 3:
अब डाकघर में भी बनवाएं आधार कार्ड
- आठ डाकघरों में आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब आप डाकघरों में भी आधार कार्ड बनवा सकेंगे। इसके लिए डाक विभाग के अफसरों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रथम चरण में आठ डाकघरों पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बाद दूसरे चरण में जिले के 31 डाकघरों में लोग इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
केंद्र सरकार की आधार कार्ड अनिवार्यता को लेकर बड़ी संख्या में लोग अब भी अपना आधार कार्ड नहीं बनवा पाए हैं। ऐसे लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए डाक विभाग ने आधार कार्ड का नामांकन योजना शुरू की है। डाक अधीक्षक केएस यादव ने बताया कि डाकखानों में आधार कार्ड मशीन लगाने का काम अंतिम चरण में है। जिले के दो प्रधान डाकघर और छह उप डाकघरों में आधार कार्ड का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 31 डाकघरों में आधार कार्ड की सुविधा मिलने लगेगी। बुलंदशहर और खुर्जा का प्रधान डाकघर, उपडाकघरों में बुलंदशहर का कचहरी, डिबाई, स्याना, सिकंदराबाद, जहांगीराबाद और गुलावठी उपडाकघर में लोग अपना आधार कार्ड बनवा सकते हैं।