आसरा योजना के लाभार्थियों को मिली शासन से सौगात
- शासन ने आवास निर्माण की राशि में की बढ़ोतरी
- नगर पंचायत बुगरासी, बीबीनगर और नगर पालिका जहांगीराबाद में योजना के लाभार्थी होंगे लाभान्वित
- शासन ने जारी की 1.79 करोड़ की धनराशि, वर्ष 2013 में योजना के तहत आवासों का हुआ था निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। आसरा आवास योजना के लाभार्थियों को शासन ने सौगात दी है। शासन ने आवासों के मूल्य में वृद्धि करते हुए बढ़ी धनराशि संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर दी है। धनराशि मिलने के बाद अब आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कर लाभार्थियों को सौंप दिया जाएगा।
शहरी गरीबों को घर प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा 2013-14 में आसरा आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण कराया गया था। योजना के तहत बुगरासी नगर पंचायत में 48, बीबीनगर में 72 और जहांगीराबाद नगर पालिका में 36 आवासों का निर्माण कराया गया। आवासों के निर्माण के लिए शासन ने आधी धनराशि पूर्व में ही निर्गत कर दी थी। जबकि अब शासन ने योजना के लिए धनराशि में बढ़ोतरी की है। शासन द्वारा अंतिम किस्त के रूप में तीनों परियोजना के लिए क्रमश: 54.76 लाख, 82.88 लाख और 41.44 लाख की धनराशि जारी करते हुए आवासों का शीघ्र निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। नए आदेशों के बाद शासन ने क्रमश: 44.25 लाख, 67.41 लाख और 30.60 लाख की धनराशि की वृद्धि की है। परियोजना अधिकारी एएम खान ने बताया कि शासन के आदेश मिल चुके है। शीघ्र आवासों का निर्माण पूरा कर लाभार्थियों को वितरित कर दिए जाएंगे।