महिला अस्पताल में डीएम के आदेश को दिखाया ठेंगा
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल में डीएम के आदेशों को भी ठेंगा दिखाया जा रहा है। सख्त निर्देश के बावजूद अस्पताल में न तो कोई स्वास्थ्य कर्मी ड्रेस कोड में दिखा और न गेट पर कोई सुरक्षाकर्मी दिखाई दिया। यही नहीं रोगियों व तीमारदारों की भारी भीड़ अस्पताल में मिली, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दी।
जिलाधिकारी ने महिला अस्पताल में भारी अनियमितताओं के चलते सीएमओ को सख्त निर्देश देकर अस्पताल के स्टाफ को ड्रेस कोड के साथ आई कार्ड पहनने के आदेश जारी किए थे। इसके अलावा वार्ड में भर्ती प्रसूताओं के पास तीमारदारों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इसके बाद भी बुधवार को महिला अस्पताल में अनियमितताएं नजर आईं। अस्पताल के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी के नदारद रहने से परिसर में तीमारदारों की भारी भीड़ लग गई। वहीं, दूसरी ओर अस्पताल में तैनात कुछ स्वास्थ्य कर्मी बिना ड्रेस कोड के नजर आए। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि डीएम के आदेश पर महिला सीएमएस को सख्त निर्देश दिए गए थे, ड्रेस कोड का पालन न करने की जानकारी की जाएगी। तीमारदारों को बिना पर्ची के परिसर में नही जाने दिया जाएगा। अस्पताल में सुरक्षा को लेकर एक सुरक्षाकर्मी की तैनाती की गई है। अगर सुरक्षाकर्मी गेट से नदारद था तो कार्रवाई की जाएगी।