जिले को मिली चार पशु अस्पतालों की सौगात
- प्रदेश के 49 जिलों में बनेंगे 115 अस्पताल
- एक अस्पताल के निर्माण पर खर्च होंगे 54.45 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले को शासन से चार पशु अस्पतालों की सौगात मिली है। प्रदेश भर में 49 जिलों में 115 अस्पताल बनेंगे। एक अस्पताल के निर्माण पर 54.45 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री सीएम योगी के प्रोजेक्ट में शामिल गोरक्षा के तहत ये अस्पताल हाईटेक होंगे।
शासन ने प्रदेश में 115 अस्पतालों के निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रू प में 19 करोड़ 9 लाख रुपये जारी कर दिए हैं। यह राशि रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (आरआइडीएफ) से जारी हुई है। शासन ने पशु अस्पताल भवन निर्माण के लिए राज्य निर्माण सहकारी संघ और राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ को जिम्मेदारी दी है। 54 लाख 45 हजार की लागत से एक भवन तैयार किया जाएगा। इन अस्पतालों के माध्यम से गोरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अस्पतालों में पशुओं की दवा, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तो होंगे ही बल्कि पशुओं का एक्सरे और खून की जांच भी संभव होगी। इनमें बुलंदशहर में चार, गौतमबुद्धनगर में एक, गाजियाबाद में दो, हापुड़ में तीन, मेरठ में एक और मुजफ्फरनगर में तीन पशु अस्पताल शामिल हैं।
जिले में यहां पर बनेंगे अस्पताल
जिले में पशु अस्पताल बुलंदशहर नगर, अगौता, नरौरा और झाझर में बनेंगे। अस्पताल भवन का निर्माण करवाने के लिए विभाग ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। इस योजना से पशु पालन विभाग की बुलंदशहर नगर के अस्पताल की चली आ रही समस्या भी दूर हो जाएगी। क्योंकि इस अस्पताल की जमीन के हक को लेकर चल रहा मामला अदालत में विचाराधीन है।
चार पशु अस्पतालों के बनने से पशु पालकों को लाभ होगा। शासन के आदेश पर अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू करवाने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही सभी प्रक्रिया पूरी कर अस्पतालों का निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। - डॉ. लक्ष्मीनारायण, पशु चिकित्सा अधिकारी बुलंदशहर।