बाथरूम में नहाने गई बच्ची की करंट से मौत
- पानी गर्म करने की राड से करंट लगने की जताई जा रही आशंका
- बाथरूम में मृत हालत में पड़ा मिला था बच्ची का शव
बीबीनगर।
बाथरूम में नहाने गई एक बच्ची की विद्युत करंट की चपेट में आ जाने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची गुलावठी के एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ती थी। बच्ची की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बीबीनगर क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी हरबीर सिंह की 13 वर्षीय पुत्री प्रियांशी गुलावठी के एक निजी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी। प्रियांशी सोमवार को दोपहर परिजनों के साथ खेत पर पशुओं का चारा लेने गई थी। चारा लाने के बाद प्रियांशी बाथरूम में नहाने चली गई। काफी देर तक प्रियांशी के बाहर न आने पर परिजनों ने आवाज लगाई। अंदर से काई जवाब न मिलने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। दरवाजा खुलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाथरूम के कोने में प्रियांशी मृत हालत में पड़ी हुई थी। परिजनों ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि बाथरूम में एक बाल्टी में पानी गर्म करने की राड लगी हुई थी, शायद उसी में करंट आने से प्रियांशी की मौत हुई है। गमगीन माहौल में प्रियांशी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।