कल होगा 550 करोड़ के सीवरेज प्रोजेक्ट शुभारंभ
बुलंदशहर। शहर के लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। 550 करोड़ की लागत से शहर में बनने वाले सीवरेज प्रोजेक्ट का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था जल संसाधन गौतमबुद्धनगर के अफसर जिले में पहुंच चुके हैं। अमृत (अटल मिशन फॉर रिजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉरमेशन) योजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र में सीवरेज प्रोजेक्ट लगाने के लिए केंद्र सरकार ने आदेश जारी किए थे। केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट को दो भागों में विभाजित कर परियोजना एक और परियोजना दो के नाम दिए थे। परियोजना एक के लिए शासन स्तर से सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बुधवार को नगर के राधानगर स्थित श्री राम मंदिर के सामने वाली गली से सांसद डॉ. भोला सिंह और सदर विधायक वीरेन्द्र सिंह सिरोही प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत ही मोहनकुटी स्थित जमीन पर एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) समेत शहर के सात अन्य स्थानों पर मिनी एसटीपी लगाए जाने प्रस्तावित हैं। परियोजना पार्ट एक पर शासन द्वारा 170.87 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। एसटीपी योजना के लिए कार्यदायी संस्था जल संसाधन गौतमबुद्धनगर का दफ्तर शहर में बनाया जाएगा। इसके लिए अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी हैं। नगर पालिका के चेयरमैन मनोज गर्ग ने बताया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का बुधवार को सांसद व विधायक द्वारा शुभारंभ किया जाएगा। योजना के तहत पहले चरण का कार्य समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा। ब्यूरो