मॉडल स्कूल के फर्नीचर को मिले 40 लाख
- एक स्कूल में चार लाख रुपये से खरीदा जाएगा फर्नीचर
- जिले में एक अप्रैल से होना है 10 मॉडल स्कूलों में शिक्षण सत्र शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले के 10 मॉडल स्कूलों के फर्नीचर के लिए शासन ने 40 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। एक स्कूल में चार लाख रुपये से फर्नीचर खरीदा जाएगा। इन स्कूलों में एक अप्रैल से ही शिक्षण सत्र शुरू होगा।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले को 11 मॉडल स्कूल मिले थे। राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से ब्लॉक बुलंदशहर में जैनपुर और नेथला हसनपुर, अरनिया में ढकपुरा, खुर्जा में अहरौली, जहांगीराबाद में कोठरा कुरैना, शिकारपुर में जखैता, पहासू में रसूलगढ़, अनूपशहर में सौरखा, स्याना में तिमरपुर और दानपुर में कन्हैरा में मॉडल स्कूल का निर्माण कार्य दो वर्ष पहले हो चुका था। जबकि सिकंदराबाद क्षेत्र के मंडावरा मॉडल स्कूल का निर्माण जारी है। शासन ने तैयार हो चुके 10 मॉडल स्कूलों में पढ़ाई शुरू करवाने के आदेश जारी किए हैं। इन स्कूलों का संचालन माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन जिला विद्यालय निरीक्षक करेंगे। शासन का आदेश मिलने पर विभागीय अफसरों ने प्रवेश की तैयारी के साथ राजकीय विद्यालयों से शिक्षकों का चयन भी शुरू कर दिया है। इसी के साथ अब शासन ने स्कूलों में फर्नीचर के लिए 40 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवा दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि शासनादेश के तहत एक स्कूल में चार लाख रुपये से फर्नीचर खरीदा जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। फर्नीचर शासनादेश के आदेश के तहत ही खरीदा जाएगा।
परिषदीय स्कूलों में डेस्क-बैंच के लिए मिले 1.79 करोड़
- ई-टेंडर से होगी फर्नीचर की खरीद, शासन ने जारी किए निर्देश
- अफसरों के अनुसार टेंडर होते ही करवा दी जाएगी फर्नीचर की व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन ने जिले के परिषदीय स्कूलों में डेस्क-बैच के लिए 1.79 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। डेस्क-बैंच की खरीद ई-टेंडर से होगी और इसके लिए शासन ने जरूरी निर्देश भी दिए हैं। अफसरों के अनुसार टेंडर होते ही स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था करवा दी जाएगी।
हाल ही में शासन ने सभी परिषदीय स्कूलों में बच्चों को डेस्क-बैंच उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए थे। डीएम को पत्र जारी कर डेस्क-बैंच खरीदने के लिए ई-टेंडर के साथ जिला स्तरीय कमेटी का गठन करने के भी आदेश दिए थे। इस पर जिला स्तरीय कमेटी का चयन कर लिया गया। इसमें डीएम अध्यक्ष और सीडीओ एवं बीएसए सहित अन्य अफसरों को सदस्य नामित किया गया है। अब शासन ने डेस्क-बैंच के लिए 1.79 करोड़ की राशि जारी कर दी है। शासन ने आदेश किए हैं कि जल्द से जल्द ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी करके फर्नीचर खरीद कर स्कूलों में पहुंचा दिया जाए। ज्ञात रहे कि जिले में 2300 से अधिक परिषदीय स्कूल हैं और इनमें से अधिकतर में फर्नीचर नहीं होने के कारण बच्चे फर्श पर टाट-पट्टी बिछाकर ही पढ़ाई कर रहे हैं। उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि शासन से डेस्क-बैंच के लिए 1.79 करोड़ मिल गए हैं। शासन के आदेश पर ई-टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह कार्य पूरा होने के साथ ही स्कूलों में डेस्क-बैंच पहुंचा दी जाएंगी।