गेहूं खरीद के लिए बढे़गी क्रय केंद्रों की संख्या
बुलंदशहर। गेहूं खरीद के लिए इस बार जनपद में क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। लक्ष्य के अनुसार शासन ने 105 क्रय केंद्र निर्धारित किए थे। लेकिन गेहूं की बंपर पैदावार की आशंका के चलते खाद्य विपणन विभाग ने शासन को पत्र भेजकर 15 और क्रय केंद्र बढाने की मांग की है। वहीं गड़बड़ी रोकने के लिए गेहूं खरीद इलेक्ट्रानिक कांटे से कराने के आदेश दिए हैं।
सरकारी गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिला खाद्य विपणन विभाग की ओर से लगभग तैयारी पूरी कर ली है। गेहूं खरीदने वाली एजेंसियों को निर्धारित करते हुए क्रय केंद्र लगाने के लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है। वहीं, किसानों का गेहूं खरीदने के लिए पंजीकरण का काम जारी है। पंजीकरण 31 मार्च तक जारी रहेगा। वहीं, अफसरों का कहना है कि इस बार गेहूं का रकबा बढ़कर 2.05 लाख हेक्टेयर हो गया है। शासन से 60,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। मगर, बंपर पैदावार को देखते हुए गेहूं का उत्पादन अधिक होगा। ऐसे में अब विभाग ने शासन को जिले में क्रय केंद्र बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है। शासन का आदेश मिला तो क्रय केंद्रों की संख्या बढ़कर 105 से 120 हो जाएगी। शासन का यह भी आदेश आया है कि गेहूं की खरीद इलेक्ट्रानिक कांटे से होगी। यदि किसी एजेंसी ने आदेश का पालन नहीं किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश चंद सबरवाल ने बताया कि शासन के आदेश से सभी गेहूं खरीद एजेंसियों को अवगत करवा दिया है। गेहूं खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और शासन के आदेशों का पालन किया जाएगा।