220 अमान्य स्कूलों पर लटकेगा ताला, 15 से चलेगा अभियान
बुलंदशहर। जिले में चल रहे अमान्य स्कूलों को बंद कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली है। जनपद में चिन्हित 220 अमान्य स्कूलों को बंद कराने के लिए विभाग ने 15 मार्च से अभियान चलाने का निर्णय लिया है। डीएम की सख्ती के बाद विभाग द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।
शासन के सख्त आदेश हैं कि अमान्य स्कूलों का संचालन न हो। यह आदेश हालांकि विगत वर्ष ही मिल गए थे, लेकिन अब तक इन स्कूलों को बंद नहीं कराया गया। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने इस मामले को संज्ञान में लिया, तो जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इन सभी स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किए गए। इसके बाद भी स्कूल बंद नहीं हुए। अब संचालकों ने नए सत्र में भी बच्चों को प्रवेश देने की तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल संचालकों की मनमानी के चलते डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।