अतिक्रमण से आवागमन बाधित, लोग परेशान
स्याना। नगर क्षेत्र में बुगरासी रोड, सब्जी मंडी मेन चौराहा एवं चांदपुर चुंगी चौराहा क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए गए वेंडिंग व नॉनवेडिंग जोन और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाया गया अभियान औपचारिकता बनकर रहे गए। स्याना सब्जी मंडी चौराहा, चांदपुर चुंगी क्षेत्र, बुगरासी रोड पर अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। नगर पालिका परिषद द्वारा स्याना नगर में नॉनवेडिंग व वेडिंग जोन बनाकर अतिक्रमण को समाप्त करने का प्लान तैयार किया गया था। इसके चलते नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया था। लेकिन एक सप्ताह बाद भी लोगों को अतिक्रमण अभियान का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। अतिक्रमणकारी बाजारों में पूर्व की तरह ही आकर आवागमन बाधित कर रहे हैं। इस समस्या के बारे में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डा. नितिन गंगवार का कहना है कि नगर क्षेत्र में कुल नौ स्थानों पर वेडिंग व नॉनवेडिंग जोन का बोर्ड लगाया गया है। शासन की नीति के अनुसार ठेली संचालकों को अपने चिन्हित स्थानों पर खड़े होने के निर्देश दिए गए थे। इसका पालन न करने वाले लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो