हादसे में बैंक मित्र की मौत, दो घायल
बीबीनगर। थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव में दो बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक बैंक मित्र की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचवाया। देर शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। गांव सेहरा निवासी रविंद्र सिंह (40) पुत्र किरन सिंह ओरिएंटल बैंक सैदपुर में बैंक मित्र थे। मंगलवार शाम रविंद्र बैंक का काम खत्म कर बाइक से सेहरा लौट रहे थे। ग्राम खैरपुर में सामने से आ रहे गांव तेजगढ़ी सैदपुर निवासी विजय पुत्र जयप्रकाश व कुलदीप पुत्र तेजवीर की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही रविंद्र सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल रविंद्र को बीबीनगर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने घायल विजय व कुलदीप को बुलंदशहर रेफर कर दिया। ब्यूरो