राजस्व रिकॉर्ड रूम में खामियां मिलने पर भड़कीं डीएम
बुलंदशहर। जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित राजस्व रिकॉर्ड रूम का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने मुआयना करते हुए रिकॉर्ड को मानक के अनुरूप न रखने पर नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को फटकार लगाई। डीएम ने सीसीटीवी कैमरे की भी रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
डीएम ने आदेश दिए कि रिकॉर्ड रूम में जाने वाले कर्मचारी और नकल प्राप्त करने वाले कर्मचारी बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाकर अंदर प्रवेश करेंगे। वहीं रिकॉर्ड रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के चलने के संबंध में गत एक सप्ताह की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। इसी के साथ भूलेख व खतौनियों के रिकॉर्ड को सही से न रखने के चलते कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके अलावा एक ही कर्मचारी पर विभिन्न दायित्वों के चलते हो रही परेशानी को देखते हुए तहसीलवार रिकॉर्ड को अन्य कर्मचारियों में बांटने के आदेश दिए हैं। इस मौके पर डीएम के साथ एडीएम वित्त ब्रजेश कुमार, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश मिश्र आदि मौजूद रहे। ब्यूरो