बसपा के जिला प्रभारी ने एसडीएम पर लगाया अभद्रता का आरोप
- डीएम और अनुसूचित आयोग को भेजी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। बसपा के जिला प्रभारी ने डीएम व अनुसूचित जाति आयोग को शिकायत भेजकर एसडीएम पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार वह अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत लेकर गया था। इस पर एसडीएम आग बबूला हो गए और उसके साथ गाली-गलौच करते हुए जातिसूचक शब्द कह दिए।
बसपा के जिला प्रभारी प्यारेलाल जाटव ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर डीएम से शिकायत की थी। इस पर डीएम ने एसडीएम सदर को कार्रवाई के आदेश दिए थे। एसडीएम ने नगर कोतवाली से आख्या मांगी थी। इसके आधार पर एसडीएम ने राजस्व टीम का गठन कर जमीन को कब्जा मुक्त कराने के आदेश जारी कर दिए, लेकिन जमीन से कब्जा नहीं हटवाया गया। मामले में जब वह दोबारा एसडीएम से मिले तो पता चला कि एसडीएम ने अपने ही आदेशों को रद्द कर दिया है। प्यारेलाल ने आरोप लगाया कि आदेशों को रद्द करने के बारे में पूछने पर एसडीएम ने उनके साथ अभद्रता की करते हुए जातिसूचक शब्द का प्रयोग किए। इस बाबत एसडीएम सदर अरविंद सिंह ने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अभद्रता नहीं की गई है। आरोप निराधार हैं।