ग्रामीणों ने की शिकायत पर 15 प्रधानों पर बैठी जांच
बुलंदशहर। जिले के ग्राम प्रधानों पर आरोप-प्रत्यारोप की शिकायत मिलने का सिलसिला जारी है। डीएम और सीडीओ को मिली शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी के पास गई है। डीपीआरओ ने करीब 15 ग्राम प्रधानों की शिकायतों की जांच कराने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि डीएम और सीडीओ को मिली ग्राम प्रधानों की शिकायत उन्हें प्राप्त हो गई हैं। इनमें से 15 ग्राम प्रधानों की शिकायताें की जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारियों को जल्द ही जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों की शिकायतों में ग्रामीणों ने गांव के विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने के साथ कई तरह के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित ग्राम प्रधान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से गांव के विकास कार्यों को नियमानुसार करने के भी निर्देश दिए हैं। ब्यूरो