जिले में नहीं ग्लैंडर्स फारसी और बर्ड फ्लू का खतरा
120 सैंपल लेकर भेजे गए थे लैब, सभी की रिपोर्ट आई नेगेटिव
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिले में ग्लैंडर्स फारसी औैर बर्ड-फ्लू का कोई खतरा फिलहाल नहीं है। जिले भर से लिए गए 120 सैंपलों में सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
पिछले दिनों प्रदेश और पड़ोसी जिले बदायूं में घोड़ों, गधों और खच्चरों में खतरनाक बीमारी ग्लैंडर्स फारसी के लक्षण मिले थे। इस पर शासन ने पशु चिकित्सा विभाग के अफसरों को बीमारी का पता लगाने के साथ बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। विभाग ने जिले भर में जगह-जगह से घोड़ों, गधों और खच्चरों के 80 से अधिक सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे थे। इसी तरह बर्ड-फ्लू की आशंका के चलते भी विभागीय अफसर सजग रहे और 40 से अधिक मुर्गी-मुर्गा के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे थे। अब इनकी रिपोर्ट विभागीय अफसरों को मिल गई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी नारायण ने बताया कि जिले में ग्लैंडर्स फारसी और बर्ड-फ्लू का कोई खतरा नहीं है। सभी सैंपल नेगेटिव आए हैं। इन दोनों बीमारियों से जिले की जनता को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अभी भी लगातार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।