फर्जी बांड मामले में सहकारी समिति सचिव पर गिरी गाज
शिकायत पर बांदा किया गया ट्रांसफर, किसानों ने बांटी मिठाई
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
गन्ना किसानों के फर्जी बांड मामले में सहकारी समिति के सचिव पर स्थानांतरण की गाज गिर गई है। उन पर विभागीय कार्य में अनियमितताएं और लापरवाही बरतने सहित कई आरोप थे।
इस बार जिला गन्ना अधिकारी ने सहकारी समिति की ओर से गन्ना किसानों के फर्जी बांड का खुलासा किया था। जिले में चार हजार से अधिक फर्जी बांड मिले थे, जिन्हें कैंसल किया गया। यह फर्जी बांड सहकारी गन्ना समिति और मिलों की मिलीभगत से बनाए गए थे। वहीं जब से मिल शुरू हुई, तब से लेकर अब तक लगातार किसानों की गन्ना समिति के सचिव के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। आरोप लगाए गए कि वे पर्ची समय पर उपलब्ध नहीं करवा रहे और अवैध वसूली भी समिति में हो रही है। इस पर जिला गन्ना सचिव ने संबंधित विभाग को सचिव के खिलाफ रिपोर्ट भेजी थी।
वहीं, गन्ना किसान संघर्ष समिति ने भी सचिव की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। यह शिकायत समिति के अध्यक्ष संग्राम सिंह की ओर से की गई। अब शासन के आदेश पर विभाग ने गन्ना सचिव दिनेश चंद्र यादव का स्थानांतरण कर दिया है। इसका पता जैसे ही किसानों, खासकर गन्ना किसान संघर्ष समिति को लगा तो वह झूम उठे और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। जिला गन्ना अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि दिनेश चंद्र यादव का स्थानांतरण बांदा जिले में किया गया है। उनके स्थान पर अब गन्ना विकास निरीक्षक खुर्जा देवत्त शर्मा को चार्र्ज दिया गया है।