ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवारों को रौंदा, किशोरी की मौत
-घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भागा
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवाली स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में सिर के बल नीचे गिरी बाइक पर बैठी किशोरी ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहे उसके पिता और बड़ी बहन की हालत गंभीर है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली के लेकर मौके से भाग गया।
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव इंधियार निवासी देवदत्त रविवार को अपनी दो बेटियों के साथ बुलंदशहर क्षेत्र के एक गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवाली के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर- ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार तीनों गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्यारह मील चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पुहंचे और गंभीर रूप से घायल दोनों बहनों व पिता को जिला अस्पताल ले गए। यहां राखी ने ईलाज शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी ग्यारह मील रविंद्र सिंह ने बताया कि शिनाख्त के आधार पर अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। राखी के पंचनामा के लिए एक दरोगा को बुलंदशहर भेजा जा रहा है। अभी मामले की कोई भी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। मृतक राखी की उम्र करीब आठ वर्ष बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पिता देवदत्त व बड़ी बहन उर्मिला की हालत नाजुक थी।