पांच या छह फरवरी को हो सकती है बारिश
बुलंदशहर।
मौसम एक बार फिर रंगत बदलने वाला है। पांच या छह फरवरी को बारिश के आसार बन रहे हैं। यदि बारिश होती है, तो फिर ठंड बढ़ने के साथ तापमान गिरेगा।
कोहरा, ठंड और शीतलहर के बाद अब गर्मी लगातार बढ़ रही है। गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। यदि अब बारिश नहीं हुई और तैयार फसल के दौरान बारिश हुई तो नुकसान होगा। ऐसा वर्ष 2015 में भी हो चुका है। लेकिन अब बारिश की संभावना बन रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेकराज ने बताया कि पांच या छह फरवरी को बारिश हो सकती है। कुछ जगह पर बुधवार को ही बादल छाने लगे थे। बारिश हुई, तो ठंड बढ़ेगी और तापमान में गिरावट होगी। साथ ही गेहूं की फसल को फायदा होगा। लेकिन आलू व सब्जी की फसलों को नुकसान हो सकता है।