बोर्ड परीक्षा: परीक्षा के दौरान प्रबंधन समिति रहेगी दूर
- सचल दल का भी परीक्षा में नहीं होगा हस्तक्षेप, हो सकती है एफआइआर
- संयुक्त निदेशक मेरठ ने डीआइओएस कार्यालय पहुंचकर लिया परीक्षा का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर प्रबंधन समिति दूर रहेगी और किसी भी सदस्य को प्रवेश नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं सचल दल का भी परीक्षा में कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। यदि ऐसा पाया गया तो उनके खिलाफ एफआइआर हो सकती है।
बोर्ड परीक्षा को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने भी प्रशासनिक और विभागीय अफसरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर नकल रहित परीक्षा करवाने के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को संयुक्त निदेशक मेरठ डीके शुक्ला जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे और बोर्ड परीक्षा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने साफ किया इस बार परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रवेश नहीं मिलेगा। सचल दल का भी किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होगा। यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आई तो संबंधित के खिलाफ एफआइआर दर्ज हो सकती है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि इस बार नकल नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा के दौरान ड्यूटी देने वालों को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा और यदि चेकिंग के दौरान किसी के पास अपना पहचान पत्र नहीं मिला तो उसके साथ बिना प्रवेशपत्र वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज कराने के आदेश हैं। परीक्षा के दौरान प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी से तीन घंटे की रिकार्डिंग होगी। परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को यह रिकार्डिंग सुरक्षित रखनी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षा को नकल रहित कराने के लिए शासनादेश का पालन करते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी अफसरों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
डीआइओएस ने परीक्षा केंद्रों को लिया अपने कब्जे में
- परीक्षा का समय नजदीक आते ही डीआइओएस ने जिले के सभी 99 परीक्षा केंद्रों को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही वह सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों से संपर्क बनाने के साथ परीक्षा की चल रही तैयारियों का जायजा ले रहे हैं, जिससे कोई कमी न रह जाए।
परीक्षार्थी प्राप्त कर लें प्रवेश पत्र
- हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र उनके विद्यालय में पहुंच गए हैं। इसलिए वह अपने प्रवेश पत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही ले लें। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक ने उन विद्यालयों को आदेश दिया है, जिन्होंने अभी तक कार्यालय से प्रवेशपत्र प्राप्त नहीं किए हैं, जिससे वह जल्द से जल्द कार्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर परीक्षार्थियों को उपलब्ध करा दें, ताकि कोई विद्यार्थी बिना प्रवेश पत्र के न रह सके।