एक शिक्षक निलंबित , दूसरी का वेतन रोका
- लंबे समय से अनुपस्थित चल रही थी सहायक अध्यापक, दूसरी ने बिना बताए लिया था अवकाश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
अफसरों को बिना सूचना दिए पिछले काफी दिनों से अनुपस्थित चल रही एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया, जबकि बिना बताए अवकाश लेने पर दूसरी शिक्षक का वेतन रोक दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिकायत और जांच पूरी होने के बाद यह कार्रवाई की है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि डिबाई क्षेत्र के गांव गोविंदपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक नीतू कुमारी ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद एक जुलाई से लगातार अनुपस्थित चल रही थी। उसने न तो अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र दिया था और न ही विभागीय अफसरों को अवगत करवाया था। खंड शिक्षा अधिकारी डिबाई की रिपोर्ट मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच अगौता के खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। इसी तरह सिकंदराबाद क्षेत्र के मकरंदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक पुनिता बिना बताए ‘आओ अंग्रेजी सीखें’ कार्यक्रम से अनुपस्थित रही। लापरवाही पर शिक्षक का वेतन रोकने के आदेश जारी करते हुए उसकी जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी कर दिए गए हैं। बीएसए ने चेतावनी दी है कि इस तरह की शिकायत मिलने पर किसी भी शिक्षक को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को विभाग के नियमानुसार ड्यूटी करने के आदेश दिए हैं।