बोर्ड परीक्षा: बीमारी के बहाने पर नहीं मिलेगी छुट्टी
- छुट्टी के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी से करानी होगी संस्तुति
- माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने जारी किए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
यूपी बोर्ड की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए शासन द्वारा कई निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए गए हैं। अब बोर्ड की तरफ से निर्देश दिया गया है कि कक्ष निरीक्षक को किसी भी कीमत पर छुट्टी नहीं दी जाएगी। यहां तक कि बीमारी का बहाना बनाने पर भी छुट्टी नहीं मिलेगी। छुट्टी के लिए उसको मुख्य चिकित्साधिकारी से संस्तुति कराकर लानी होगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं छह फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए बोर्ड द्वारा जिले में 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4500 कक्ष निरीक्षकों के अलावा अन्य कर्मचारी ड्यूटी करेंगे। इनमें माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश दिया था कि किसी भी कीमत पर परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को छुट्टी नहीं दी जाएगी। यहां तक कि अगर वह बीमारी का बहाना बनाता है तो भी उसको छुट्टी नहीं मिलेगी। कक्ष निरीक्षक बीमारी के बहाने छुट्टी मांगे तो तत्काल उसका स्वास्थ्य परीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी की देखरेख में कराया जाए। अगर वह संस्तुति कर देते हैं, तभी उसको छुट्टी दी जाएगी। अगर वह मुख्य चिकित्साधिकारी की संस्तुति के बिना गायब रहता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य का कहना है कि शासन और बोर्ड से मिलने वाले आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।