अब ‘एक छत’ के नीचे होगा बिजली मामलों का निपटारा
- वलीपुरा बिजलीघर को बनाया गया एंटी पावर थेफ्ट थाना
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाने के लिए अब पावर कॉरपोरेशन अफसरों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए शासन ने जिले में एक एंटी पावर थेफ्ट थाना बनाया है। इस थाने में बिजली से संबंधित सभी केसों का निपटारा किया जाएगा।
प्रदेश में सत्ता में आने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली थाने बनाने के लिए आदेश दिए थे। फंड की कमी के कारण अब तक थानों का निर्माण नहीं हो सका है। इसके चलते शासन ने अब प्रत्येक जिले में बिजलीघर या एक थाने को ही बिजली विवादों का निपटारा करने के लिए चयनित किया है। योजना के तहत नगर क्षेत्र में वलीपुरा स्थित पावर कॉरपोरेशन प्रवर्तन दल के दफ्तर को एंटी पावर थेफ्ट थाना बनाया गया है। इस थाने में बिजली चोरी, बकाया या अन्य किसी मामले में दर्ज हुई रिपोर्ट और कार्रवाई का निपटारा किया जाएगा। एसई अजय अग्रवाल ने बताया कि शासन के आदेश मिल चुके हैं। अधीनस्थों को भी इससे अवगत करा दिया गया है।