हाजिरी लगाकर गायब मिलीं दो शिक्षिकाएं निलंबित
- खंड शिक्षा अधिकारी की निरीक्षण रिपोर्ट पर बीएसए ने की कार्रवाई
- सिकंदराबाद के मंडावरा स्थित स्कूल में तैनात थीं दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
स्कूल में हाजिरी लगाकर गायब मिलीं दो शिक्षिकाओं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी की निरीक्षण रिपोर्ट पर बीएसए ने यह कार्रवाई की है। मामला सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मंडावरा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक का है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि हाल ही में सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मंडावरा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक का खंड शिक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सहायक शिक्षिका संजोग यादव और ममता रानी ने उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी लगा रखी थी। दोनों निरीक्षण के दौरान स्कूल में उपस्थित नहीं मिलीं। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट मिलने पर हाजिरी लगाकर स्कूल से गायब रहने, अफसराें को झूठी सूचना देकर गुमराह करने आदि आरोप सिद्ध होने पर दोनों शिक्षिकाओं को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन दोनों शिक्षिकाआें को अगली बहाली तक दूसरे स्कूलों में संबद्ध करते हुए जांच के लिए अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है।