अब किसान ऑनलाइन करें ऋण माफी की शिकायत
- शासन ने जारी किया आदेश, ऑफ लाइन शिकायतों पर नहीं होगा विचार
- अब तक करीब चार हजार किसान कर चुके हैं ऑनलाइन शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
शासन की ऋण माफी से वंचित रह गए किसानों को अब अपनी शिकायत ऑनलाइन करनी होगी। शासन के आदेश पर अब ऑफ लाइन शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा। विभागीय अफसरों ने किसानों को ऑनलाइन शिकायत करने का निर्देश दिया है।
शासन की ओर से ऋण माफी योजना में जिले के 1.65 लाख किसानों को शामिल किया था। इनमें से अब तक 95 हजार किसानों को ऋण माफी का लाभ मिल चुका है। इसके साथ ही अभी हजारों किसान ऋण माफी का लाभ लेने के लिए संबंधित विभाग के चक्कर काट रहे हैं। इसमें कुछ बैंकों की भी गलती सामने आई और इस तरह के मामलों की जांच जारी है। ऐसे पात्र किसानों को ऋण माफी का लाभ देने के लिए शासन ने शिकायत दर्ज कराने का मौका दिया था। इस पर किसानों ने ऑफलाइन शिकायत दर्ज करानी शुरू की, लेकिन इन शिकायतों ने विभागीय अफसरों को उलझन में डाल दिया। इसे देखते हुए अब शासन ने पात्र किसानों से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने पात्र किसानों से ऋण माफी का लाभ लेने के लिए अब ऑनलाइन शिकायत करने के आदेश दिए हैं। अब तक जिले के करीब चार हजार किसानों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत दर्ज कराने का सिलसिला जारी है। ऑनलाइन शिकायतों की पहले जांच होगी। इसके बाद पात्र किसानों को ऋण माफी योजना का लाभ दिया जाएगा।