बच्चों से उतरवाया मिड-डे-मील का सामान
फोटो समाचार
- सिकंदराबाद ब्लॉक क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल का मामला
- फोटो वायरल, बीएसए ने दिए जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सुर्खियों में रहने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के कारनामे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब सिकंदराबाद क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल में बच्चों से मिड-डे-मील का सामान उतारने का मामला प्रकाश में आया है। इसके फोटो वायरल होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दे दे दिए हैं। घटना ने एक बार फिर विभाग की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
व्हाट्स-एप पर वायरल इस फोटो में एक परिषदीय स्कूल के बाहर टैंपू खड़ा है। उसके आगे एक मोटरसाइकिल से कुछ बच्चे बोरी को उतार रहे हैं और एक शिक्षिका जैकेट की जेब में हाथ डालकर खड़ी है। छात्र बोरी को बड़ी जद्दोजहद के बाद स्कूल के अंदर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। फोटो वायरल करने वाले ने यह फोटो सिकंदराबाद क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल का होने का दावा किया है। शनिवार को जब यह फोटो जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मिले तो उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मिड-डे-मील का राशन छात्रों से उतरवाने के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि छात्रों से मिड-डे-मील का सामान उतरवाने संबंधी फोटो उन्हें भी मिले हैं। पूरे मामले की जांच संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। संबंधित स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।