नजूल की भूमि के निर्माण पर अस्पताल प्रशासन ने फिर जताई आपत्ति
- अस्पताल अफसरों ने ईओ, कोतवाली समेत अन्य अफसरों से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला अस्पताल के पीछे नजूल की भूमि पर हुए निर्माण कार्य को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन ने फिर आपत्ति जताई है। अस्पताल प्रशासन ने नगर पालिका के ईओ समेत अन्य अफसरों को शिकायत देकर निर्माण कार्य को ध्वस्त कराने की मांग की है।
नगर क्षेत्र के जेपी जनता इंटर कॉलेज के समीप नगर पालिका की दुकानें हैं। इन दुकानों पर द्वितीय तल पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने पूर्व में डीएम व नगर पालिका अफसरों को पत्र लिखते हुए बताया कि द्वितीय तल की पानी निकासी, एसी आदि को अस्पताल परिसर की ओर किया जा रहा है। जिससे मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी। जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई न करने पर पुन: अस्पताल प्रशासन ने ईओ एवं नगर कोतवाली प्रभारी को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर रोक लगा ध्वस्त कराने की मांग की है। इस बाबत नगर पालिका ईओ एके सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।