सात झोलाछाप चिकित्सकों को थमाया नोटिस
खुर्जा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को अरनिया क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सकों के क्लीनिकों पर छापेमारी की। इस दौरान प्रमाणपत्र न दिखा पाने पर टीम ने सात झोलाछाप चिकित्सकों को नोटिस थमाया। साथ ही तीन दिन के भीतर जवाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। कई चिकित्सक अपना क्लीनिक बंद कर भाग गए।
बृहस्पतिवार दोपहर एसीएमओ अवनींद्र कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव मुनि स्थित झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक पर छापेमारी की। यहां पर टीम ने क्लीनिक पर मौजूद चिकित्सकों से प्रमाणपत्र मांगे। प्रमाणपत्र न दिखा पाने पर टीम ने सात चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नोटिस थमा दिया। एसीएमओ ने बताया कि तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देना होगा। ऐसा न करने पर चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, टीम की इस कार्रवाई से क्लीनिक संचालकों में अफरातफरी मची रही। सूचना मिलने पर क्षेत्र के कई चिकित्सक क्लीनिक पर ताला लगाकर गायब हो गए। एसीएमओ ने बताया कि किसी के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। समय-समय पर छापेमारी कर झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।