अब स्कूलों में बनेगी तंबाकू निषेध कमेटी
बुलंदशहर। शिक्षण संस्थानों के आसपास बिकने वाले तंबाकू, बीड़ी व सिगरेट आदि से बच्चों को दूर रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। इसके लिए अब स्कूलों में तंबाकू निषेध कमेटी बनेगी। बेसिक शिक्षा निदेशक ने यह आदेश जारी किए हैं।
बेसिक शिक्षा निदेशक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी किए हैं कि शिक्षण संस्थानों की 100 मीटर की परिधि में तंबाकू, बीड़ी व सिगरेट आदि नहीं बेचे जाने का प्रावधान है। ऐसे पदार्थों से बच्चों को बचाने के लिए पहले आदेश जारी किए गए थे। बावजूद इसके अब तक ऐसे पदार्थ शिक्षण संस्थानों के आसपास बिकने का सिलसिला जारी है। बच्चों को ऐसे पदार्थों से दूर रखने के लिए प्रत्येक शिक्षण संस्थान में तंबाकू निषेध कमेटी बनाई जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश पर हर शिक्षण संस्थान में तंबाकू निषेध कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें स्कूल के शिक्षक, छात्र व स्वैच्छिक संस्थानों के सदस्य भी शामिल होंगे। संस्थान में कोई भी तंबाकू का सेवन नहीं करेगा। इसके अलावा स्कूल व अन्य संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण कार्यशालाएं कराई जाएंगी जो छात्रों को तंबाकू से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी देंगी। इसके साथ ही दुकानदारों को भी आगाह किया जाएगा कि वह बच्चों को ऐसे पदार्थ न दें। इस आदेश को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।