कोहरे की वजह से हादसे, कई घायल
- नेशनल हाईवे पर देर रात से सुबह तक हुई चार दुर्घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। घने कोहरे के कारण एनएच 91 पर विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार भी थम गई। हाइवे पर भी वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।
दिल्ली निवासी मनवीर और उसका दोस्त सोनू बुधवार रात अपनी कार से अलीगढ़ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब साढे़ 10 बजे नेशनल हाईवे पर घना कोहरा होने के कारण कार चलाना दूभर हो रहा था। इस दौरान दोस्तपुर पुल से थोड़ी दूरी पर पीछे से आ रहे बेकाबू वाहन ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। सोनू के सिर में गंभीर चोट आई है। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात एक ट्रक घने कोहरे में अनियंत्रित होकर ठंडी प्याऊ के निकट डिवाइडर से टकरा गया। पीछे से आ रही कार ट्रक से भिड़ गई। दुर्घटना में कार चालक ओमेश पुत्र दयावीर घायल हो गया। इधर, रविवार सुबह अलीगढ़ निवासी एक परिवार कार से मेरठ जा रहा था। घने कोहरे में कार नहर के निकट सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। जिससे दंपती व उनका एक पुत्र घायल हो गया। नगर क्षेत्र के गांव वहलीमपुरा निवासी रविंद्र रविवार सुबह साइकिल से खुर्जा रोड स्थित फैक्ट्री जा रहे थे। सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रुप से घायल हो गए।