डीएम साहिबा! आपके आदेश भी ठेंगे पर
- धड़ल्ले से चल रहे हैं 85 गैर मान्यता प्राप्त स्कूल
- डीएम के सूची जारी करने के बाद भी अधिकारियों ने नहीं की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
डीएम के आदेश को भी शिक्षा विभाग के अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। 85 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची जारी करने के बाद भी अब तक यह स्कूल धड़ल्ले से चल रहे हैं। अब प्रशासनिक अधिकारियों ने शिक्षा विभाग से कार्रवाई का ब्योरा तलब करने की बात कही है।
जिले में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों के खिलाफ डीएम ने कड़ा रुख अपनाया था। पहले तो डीएम ने शिक्षा विभाग के अफसरों को इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सूत्रों के मुताबिक अधिकारी स्कूल तो गए लेकिन सुविधा शुल्क लेकर संचालकों को छोड़ दिया। मामला जब डीएम तक पहुंचा तो डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। डीएम ने 85 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की एक सूची शिक्षा विभाग के अफसरों को सौंप दी और इनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। आदेशानुसार इन स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों का पास के ही परिषदीय स्कूलों में दाखिला करवाना था। डीएम के आदेश को करीब एक माह से अधिक का समय बीत चुका है, बावजूद इसके अब तक किसी भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों ने दावा किया है कि शिक्षा विभाग के अफसर डीएम के आदेशों पर स्कूलों में तो गए, लेकिन कार्रवाई के बजाए खानापूरी करके लौट गए। इस बाबत एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र ने कहा कि स्कूलों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा अधिकारियों से तलब किया जाएगा। यदि अधिकारियों ने आदेश की अवहेलना की है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।