डीएम ने बिजली एसडीओ को दी प्रतिकूल प्रविष्टि
- दो दिन में नाला निर्माण नहीं शुरू हुआ तो दर्ज होगी एफआईआर
- तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी समस्याएं
- 42 शिकायतों में से तीन का मौके पर किया गया निस्तारण
बुलंदशहर/खुर्जा। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम ने अफसरों को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान डीएम ने पावर कारपोरेशन एसडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही नाला निर्माण शुरू न होने पर ईओ को दो दिनों में निर्माण शुरू करने के आदेश दिए। इस दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में आई 42 शिकायतों में से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
मंगलवार को डीएम डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार में किया गया। इस दौरान डीएम के समक्ष 42 शिकायतें आईं उनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए डीएम ने संबंधित अफसरों को आदेश जारी किए। एक ही शिकायत बार-बार आने पर डीएम ने पावर कारपोरेशन के एसडीओ सुनील कुमार के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करते हुए शीघ्र समस्याओं के समाधान के आदेश दिए। डीएम ने एक माह से लंबित पड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अफसरों को जमकर फटकार लगाई और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए। डीएम ने अफसरों को विधवा, दिव्यांग आदि पेंशनों और अन्य शिकायतों के लिए कैंप लगाकर निस्तारण के निर्देश दिए। एसएसपी मुनिराज जी अपर जिला अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी आशुतोष दूबे, पीडी सर्वेश समेत अधिकारी मौजूद रहे।
20-21 को कैंप लगाकर समस्या के समाधान के आदेश
डीएम डॉ रोशन जैकब ने दिव्यांग, विधवा, वृद्धा आदि पेंशन के लाभार्थियों के आवेदन पूरे कराने और प्रमाण पत्र जारी करने के लिए तहसील पर 21 दिसंबर को कैंप लगाने के निर्देश दिए। कैंप में जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, दिव्यांग कल्याण अधिकारी के मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 20 और 21 दिसंबर को नगर पालिका में कैंप लगाकर समस्याआें का निस्तारण कराने के निर्देश डीएम ने ईओ को दिए हैं।
सदर तहसील में आई 30 शिकायतें
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर सदर तहसील में एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस) की अध्यक्षता में जनसमस्याएं सुनी गई। इस दौरान कुल 30 शिकायतें विभिन्न विभागों की प्राप्त हुई। जिनमें से केवल एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका, जबकि शेष सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए एसडीएम ने संबंधित अफसरों को आदेश दिए।
तहसील दिवस में 65 में से तीन का निस्तारण
- 18 विभागों के अधिकारी रहे अनुपस्थित
शिकारपुर/अनूपशहर । मंगलवार को शिकारपुर तहसील में एसडीएम अविनाश चंद मौर्य की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। इसमें से मात्र तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों का निस्तारण संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया। वहीं 18 विभागों के अधिकारी समाधान दिवस में अनुपस्थित रहे। एसडीएम ने बताया कि अनुपस्थित अधिकारियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। सीओ आलोक सिंह, तहसीलदार इदरीश अहमद, नायब तहसीलदार वेदप्रकाश पांडेय आदि उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी ओर अनूपशहर तहसील मे सीडीओ जसजीत कौर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 52 शिकायतें आई जिनमें से मौके पर मात्र तीन का निस्तारण किया गया। एसपी देहात पीके तिवारी सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।