मिनी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो की मौत
- दिल्ली-बदायूं स्टेट हाईवे पर सोमवार देर शाम हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
डिबाई। दिल्ली-बदायूं स्टेट हाईवे पर सोमवार देर शाम हाईवे स्थित गांव कादरीबाग के पास एक मिनी ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी चालक मिनी ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया।
डिबाई क्षेत्र के सतोहा गांव निवासी शिशुपाल (45) पुत्र सेवाराम अपने साथी डंबर सिंह उर्फ नरेश (40) पुत्र श्योदान सिंह के साथ बाइक से डिबाई से वापस अपने गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बाइक सवार दोनों लोग हाईवे स्थित गांव कादरीबाग के निकट पहुंचे तो बुलंदशहर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित मिनी ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं आरोपी वाहन चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग निकला। साथ ही परिजनों को भी इस बाबत सूचित कर दिया गया। कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, चालक भाग गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जाएगी।
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
पुलिस प्रशासन आए दिन दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित रहने के लिए हेलमेट प्रयोग करने के लिए अभियान चलाता रहता है। हाईवे पर हुई दुर्घटना में यदि दोनों व्यक्तियों ने यदि हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी।