मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन से जुड़ेंगे खंड शिक्षा अधिकारी
बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारियों व जिला समन्वयकों को मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ई-मेल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि शासन स्तर पर प्राप्त शिकायतों को निस्तारण के लिए सीधे खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजा जा सके।
बेसिक शिक्षाधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि शासन के निर्देशों के क्रम में खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों को शिकायतों के प्रति जवाबदेय बनाने के लिए मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन से जोड़ा जाना है। इसके लिए सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द ई-मेल बना लें। ताकि उन्हें मुख्यमंत्री पोर्टल से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से किसी भी ब्लाक क्षेत्र की शिकायत शासन को मिलती है तो उसे डीएम और बीएसए को निस्तारण के लिए भेजने के बजाय सीधे खंड शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री की हेल्प लाइन से प्राप्त शिकायत का जवाब भी खंड शिक्षा अधिकारी सीधे हेल्पलाइन पर ही देंगे। यदि सीएम की हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत का निस्तारण ब्लाक स्तर पर नहीं होता है तो उसे निस्तारण के लिए जिलास्तर पर भेजा जाएगा। हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही बरतने वाले खंड शिक्षाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।