शौचालय निर्माण के लिए मिले नौ करोड़
- प्रधानों के खातों में पहुंची प्राप्त हुई राशि
- जिला पंचायत राज अधिकारी का दावा जल्द मिलेगी और राशि
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन से जिले में शौचालय निर्माण के लिए नौ करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। यह राशि प्रधानों के खातों में पहुंच गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी का दावा है कि इसके लिए जल्द ही शासन से और राशि मिलेगी।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालयों के निर्माण के साथ गांवों को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित करने का काम जारी है। जिले में दो लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण करवाने का लक्ष्य दिया था। अभी तक करीब 38 हजार शौचालयों का निर्माण हो चुका है जबकि 1.60 लाख और शौचालयों का निर्माण होना बाकी है। निकाय चुनाव के चलते शौचालय निर्माण के लिए राशि नहीं मिल पाई थी। बावजूद इसके जिला प्रशासन की ओर से जिले में लगभग 11 हजार शौचालयों का निर्माण करवा दिया गया। इन शौचालयों के पात्रों को राशि मिलने का इंतजार था, जो अब लगभग खत्म हो चुका है। इन पात्रों को अब जल्द ही राशि मिल जाएगी। शासन से नौ करोड़ की राशि दी गई है और यह राशि ग्राम प्रधानों के खातों में पहुंच गई है। उधर, जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह का कहना है कि शासन से प्राप्त हुई नौ करोड़ की राशि सभी ग्राम प्रधानों के खातों में भेज दी गई है। उन्हाेंने दावा किया है कि शासन से जल्द ही गांवों को ओडीएफ करने के लिए और राशि मिलेगी।