जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति, एकल मार्ग होगा शहर
बुलंदशहर। शहर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा तैयार की गई एकल मार्ग योजना बृहस्पतिवार से लागू कर दी जाएगी। गत दिनों योजना का यातायात पुलिस ने सफल प्रयोग किया था। अब शहर के मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
जाम शहर की मुख्य समस्या है। कालाआम चौराहे से लेकर कचहरी रोड, कालाआम से अनूपशहर रोड, कालाआम से अस्पताल रोड, अंसारी चौक पर मुख्य रुप से लोग जाम की समस्या से जूझते नजर आते हैं। इससे निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस से लेकर प्रशासन तक हरसंभव कोशिश की जाती है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने एक प्लान तैयार किया है। प्लान के मुताबिक शहर के मुख्य मार्गों, जिनमें मोतीबाग से डिप्टी गंज चौक, डिप्टी गंज से अंसारी चौक व जिला अस्पताल से मोतीबाग तिराहा तक एकल मार्ग किया जाएगा। इस दौरान सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक इन मार्गों पर एक तरफ ही वाहन संचालित किए जाएंगे। बैरिकेड लगा कर यातायात पुलिस एकल मार्ग सुचारु करेगी। साथ ही व्यवस्था का पालन न करने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
शनिवार-रविवार को हुआ था प्रयोग
जाम से निजात दिलाने के लिए शहर को एकल मार्ग करने की योजना पर यातायात पुलिस पिछले काफी समय से काम कर रही है। गत शनिवार व रविवार को यातायात पुलिस ने इन मार्गों को एकल किया था। इस दौरान शहर के इन मुख्य मार्गाें पर जाम नहीं लगा। यातायात पुलिस ने प्रयोग सफल होने के बाद ही इस योजना को लागू करने की बात कही है।
भारी वाहनों की 12 घंटे तक रहेगी नो एंट्री
एकल मार्ग के साथ-साथ शहर में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक शहर में भारी वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश होने पर यातायात पुलिस के द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्याना व अनूपशहर से शहर के अंदर आने वाले वाहनों को अब बाईपास होते हुए शहर के अंदर प्रवेश मिलेगा।