एक करोड़ 17 लाख से बदलेगी परिषदीय स्कूलों की सूरत
बुलंदशहर। जल्द ही जिले के परिषदीय स्कूलों के दिन बहुरने वाले हैं। स्कूलों में फर्नीचर, हैंडपंप और विद्युत कनेक्शन के लिए शासन ने एक करोड़ 17 लाख रुपये की राशि जारी की है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी इससे अवगत कराया है। खास बात यह है कि यह राशि उन्हीं स्कूलों में खर्च की जाएगी, जिन स्कूलों में किसी अन्य मद से कार्य नहीं हुआ है।
शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा भेजे गए पत्र में आदेश है कि बेसिक शिक्षा, उप्र शासन के क्रम में वित्तीय वर्ष 2017-18 में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु स्वीकृत धनराशि का आवंटन हुआ है। इसमें बुलंदशहर जिले को एक करोड़ 17 लाख सात हजार पांच सौ रुपये प्राप्त होंगे। इस राशि से परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था, विद्युतीकरण, वायरिंग और फिटिंग के साथ कनेक्शन लेने, हैंडपंप आदि काम होंगे। यह राशि जल्द ही उपलब्ध करवा दी जाएगी। जिले में अभी तक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था नहीं है। 300 से अधिक हैंडपंप खराब हैं और लगभग 500 स्कूलों में विद्युत कनेक्शन के अलावा अन्य जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। मगर, अब शासन की ओर से जारी हुई राशि से यह सब सुविधाएं पूरी हो जाएंगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि शासन से राशि मिलते ही स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार का काम शुरू कर दिया जाएगा।