नो कॉस्ट ईएमआई से बढ़ा ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज
- ऑनलाइन खरीदारी पर इनामों की भरमार ने कम की बाजार की रौनक
- दिवाली पर कई आइटमों पर मिल रहा है भारी कैश बैक
- किस्तों पर अतिरिक्त चार्ज न लेने से खिंच रहे ग्राहक
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट, एप्लीकेशन पर नो कॉस्ट ईएमआई के कारण युवाओं में ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग के क्रेज के कारण युवा बाजार से सामान खरीदने के बजाए घर बैठे शॉपिंग कर रहे हैं। इससे बाजारों में दीपावली की रौनक अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। ऑनलाइन शॉपिंग पर लोगों को बड़ा कैशबैक, डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
चंद दिनों पहले दुकानों पर ग्राहकों से खुली लूट करने वाले दुकानदार इस दीपावली पर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग में इनामों की भरमार के चलते लोग बाजारों का रुख कम कर रहे हैं। इससे दीपावली से पहले बाजारों में अपेक्षाकृत रौनक नहीं दिखाई दे रही है। ऑनलाइन शॉपिंग में मिल रहे उपहार, डिस्काउंट, कैशबैक, नो कॉस्ट ईएमआई से लोग इस कदर खुश हैं कि दीपावली पर डिलीवरी के हिसाब से पहले ही ऑर्डर कर दिए गए हैं। घर सजाने के लिए सजावटी सामान की बात हो या कपडे़, जूते, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, मोबाइल फोन व अन्य सामान ऑनलाइन ही खरीदा जा रहा है। त्योहार से सप्ताह भर पहले से ऑनलाइन खरीदारी पर 20 हजार तक कैश बैक, 65 फीसदी तक छूट व गिफ्ट्स देकर ग्राहकों को लुभाया जा रहा है। जबकि कुछ विशेष बैंकों के कार्ड से भुगतान करने पर 20 फीसदी तक अलग से छूट दी जा रही है। ऐसे में लोग सस्ती खरीदारी कर बाजार में जाने से बच रहे हैं।
इन आइटमों पर मिल रहा बड़ा डिस्काउंट
ऑनलाइन खरीदारी के लिए विभिन्न वेबसाइटों पर अलग-अलग ऑफरों की भरमार है। एलईडी, मोबाइल, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कपडे़े, जूते आदि पर दीपावली से पूर्व ही सेल की शुरुआत कर दी गई है। लोग बड़े डिस्काउंट के मौके को हाथ से जाने नहीं दे रहे हैं।
परिचर्चा
ऑनलाइन शॉपिंग के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। रात में भी समय मिलने पर सामान ऑर्डर किया जा सकता है। युवाओं में ऑनलाइन शॉपिंग को लेकर काफी क्रेज है। इससे स्थानीय बाजारों पर असर पड़ रहा है। - कंचन, निवासी खुर्जा
ऑनलाइन खरीदारी में कई बार ठगी भी हो जाती है। ठगी से बचकर शॉपिंग करने पर फायदा भी काफी होता है। ऑनलाइन शॉपिंग ने बाजार की रौनक कम कर दी है। - सचिन शर्मा, निवासी देवीपुरा
मोबाइल फोन, कपड़े, जूते आदि पर ऑनलाइन शॉपिंग में काफी डिस्काउंट मिल रहा है। जबकि उसी ब्रांड के बाजार में काफी महंगे दामों पर मिल रहे हैं। युवाओं में ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज बढ़ा है। - प्रशांत शर्मा, निवासी डीएम रोड
ऑनलाइन शॉपिंग में बाजार जाने का झंझट नहीं रहता है। साथ ही बड़ा डिस्काउंट मिलने से काफी फायदा हो रहा है। जबकि ऑफलाइन में वहीं सामान काफी महंगा दिया जा रहा है। - शालिनी, निवासी खुर्जा
कोट
ऑनलाइन शॉपिंग से काफी हद तक कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों के साथ धोखा हो रहा है। सरकार को इस बारे में कोई गाइडलान जारी करनी चाहिए, ताकि कारोबार में मंदी का सामना न करना पड़े। - नीरज जिंदल, जिलाध्यक्ष, संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल
आज से भारी व कॉमर्शियल वाहनों का नगर में प्रवेश वर्जित
बुलंदशहर। त्योहारी सीजन पर नगर में लोगों को जाम के झाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यह प्लान सोमवार से लागू होकर भैया दूज तक प्रभावी रहेगा।
ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि त्योहारी सीजन में जाम के झाम को दूर करने के लिए रूट प्लान तैयार कर लिया गया है। दिन में नगर क्षेत्र में भारी व कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री को पूर्ण रुप से प्रतिबंधित किया गया है। भूड़ चौराहे से आने वाले कॉमर्शियल वाहनों पर सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक रोक लगाई गई है। इस दौरान यदि कोई भी कॉमर्शियल वाहन नगर में प्रवेश करेगा तो उसे सीज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दिल्ली गाजियाबाद से शिकारपुर, अनूपशहर व स्याना की ओर जाने वाले वाहनों को भूड़ चौराहे से डायवर्ट कर वलीपुरा होते हुए डीएवी फ्लाईओवर से निकाला जाएगा। साथ ही मेरठ से आने वाले भारी वाहनों की भी एंट्री प्रतिबंधित की जा रही है। कहा कि यह डायवर्जन प्लान सोमवार से लागू होकर भैया दूज तक प्रभावी रहेगा।