साहब! क्या दीपावली पर भी बस्ती में रहेगा अंधेरा
बुगरासी। विद्युत उपकेंद्र बुगरासी के अंतर्गत गांव सराय की दलित बस्ती का ट्रांसफार्मर पिछले दो सप्ताह से फुंका पड़ा है। इस बस्ती में आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीण परेशान रहते हैं। अब ग्रामीण दीवाली पर अंधेरे को लेकर चिंतित हैं तथा तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की मांग कर रहे हैं।
गांव सराय की दलित बस्ती का ट्रांसफार्मर आए दिन फुंकता रहता है। एक बार ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद लगभग दो सप्ताह से पहले कभी बदला नहीं गया है। प्रमोद कुमार, देवेंद्र कुमार, कपिल कुमार, हरवीर सिंह, राहुल कुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि दलित बस्ती में ट्रांसफार्मर मुश्किल से सप्ताह भर चलता है, इसके बाद फुंक जाता है। फुंके हुए ट्रांसफार्मर को बदलवाने के लिए बार-बार पावर कारपोरेशन के अधिकारियाें से गुहार भी लगाई जाती है, लेकिन दो सप्ताह से पहले कभी भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या को भी पावर कारपोरेशन दूर करने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों के अनुसार ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर फुंक जाता है। यदि ऐसा है तो फिर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर क्यों नहीं लगाया जाता। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की मांग की है। दीवाली के चलते ग्रामीण अंधेरे को लेकर चिंतित हैं।
जेई ने बताया
गांव में 25-25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। एक ट्रांसफार्मर को बदलवा दिया गया है, दूसरे को जल्द ही बदलवा दिया जाएगा। - सचिन कुमार, जेई पावर कारपोरेशन बुगरासी