दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि, हड़कंप
- नगर क्षेत्र में दो निजी चिकित्सकों ने की डेंगू की पुष्टि
- डेंगू के एक केस को दबाने में जुटे स्वास्थ्य अफसर
- डेंगू का केस सामने आने से लोगों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर।
शहर में दो मरीजों में डेंगू पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब तक डेंगू न होने का दावा करने वाले अफसर डेंगू का केस सामने आते ही अब जांच की बात करने लगे हैं। बताया जा रहा है कि नगर के दो निजी चिकित्सकों ने एक युवती समेत दो लोगों में डेंगू की पुष्टि की है।
जिले में लगातार मच्छर जनित बीमारियां अपने पैर पसार रही हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अफसर स्थिति काबू में होने का दावा कर रहे हैं। काली नदी रोड स्थित गांव रमपुरा निवासी वर्षा पुत्री किरनपाल सिंह को कई दिनों से बुखार की शिकायत थी। परिजनों ने वर्षा को निजी चिकित्सक से दिखाया। वहां जांच में डेंगू पॉजिटिव पाया गया। जबकि दूसरी ओर गांव मालागढ़ निवासी गौरव शर्मा को भी नगर के एक चिकित्सक ने डेंगू की पुष्टि की है। डेंगू की पुष्टि के बाद अब स्वास्थ्य अफसर दोनों केसों में सैंपल को मेरठ मेडिकल भेजने की बात कर रहे हैं। अब तक जिले में डेंगू के तीन केस सामने आए हैं। इनमें से एक केस को अफसर पुराना मामला बताकर पलड़ा झाड़ रहे हैं तो दो केसों में जांच की बात कर रहे हैं।
स्वाइन फ्लू से 6 तो बुखार से हो चुकी हैं 10 मौतें
जिले में स्वाइन फ्लू से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा बुखार से भी 10 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अफसर स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा कर रहे हैं।
ऐसे फैलता है डेंगू
डेंगू के सबसे अधिक मामले बरसात या हल्की गर्मी में देखने को मिलते हैं। चिकित्सकों के अनुसार डेंगू फैलाने वाला मच्छर अक्सर दिन में काटता है। बताया जाता है कि मादा एडीज मच्छर रुके हुए पानी में पनपता है। ऐसे व्यक्ति जिनके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, उन्हें डेंगू जल्दी होता है।
डेंगू के लक्षण
1. तेज ठंड से बुखार आना
2. सिर व आंखों में दर्द होना
3. जोड़ों में दर्द होना
4. शरीर पर लाल चकत्ते आना
5. आंख, नाक से खून आना
6. ब्लड प्रेशर लगातार घटते व बढ़ते रहना
प्लेटलेट्स कम होना नहीं है डेंगू
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एसके गर्ग के अनुसार प्लेटलेट्स कम होने पर डेंगू नहीं माना जा सकता है। सामान्य बुखार या अन्य किसी बीमारी की दवा लेने पर भी प्लेटलेट्स कम हो जाती हैं। यदि प्लेटलेट्स एक लाख से कम हो जाती हैं तो ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
डेंगू से बचाव के उपाय
1. शरीर को पूरा ढंक कर रखें
2. पानी के बर्तनों को खुला न रखें
3. सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें
4. कूलर का पानी प्रति तीन दिन में बदलते रहें
5. मच्छरों को मारने के लिए नीम का धुंआ घर में फैलाएं
गंदगी बन रही बीमारी का कारण
नगर व गांवों में फैली गंदगी बीमारी का कारण बन रही है। इस संबंध में डीएम के लगातार निर्देशों के बाद भी नगर पालिका, पंचायत व ग्राम प्रधान सफाई में रुचि नहीं ले रहे है। लोगों ने कई बार इस संबंध में उच्चाधिकारियों को शिकायत दी है, लेकिन अभी तक अफसरों के कान पर जूं नहीं रेंगी है।
कोट----
डेंगू के दोनों केसों की जानकारी मिली है। इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद भी कुछ कहा जा सकेगा। मरीजों के गांव व मोहल्लों में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ