एक्सईएन, एसडीओ समेत तीन पर गाज
- डिबाई क्षेत्र में गत दिनों एक युवक व दो बालिकाओं की मौत पर हुई कार्रवाई
- तार टूटने से करंट की चपेट में आ गए थे तीनों
बुलंदशहर।
डिबाई क्षेत्र में बिजली की लाइनों की चपेट में आकर हुई मौतों के मामले में डीएम ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के लिए एक्सईएन, एसडीओ व जेई को जिम्मेदार मानते हुए डीएम ने एक्सईएन व एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है, वहीं जेई को सस्पेंड कर दिया है। डीएम की कार्रवाई से बिजली अफसरों में खलबली है।
डिबाई क्षेत्र के गांव पूठरी कलां में 20 वर्षीय मुकेश उर्फ गगन पुत्र जोगेंद्र निवासी गांव नगला बीसर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया था कि घर की छत से मात्र तीन फिट की ऊंचाई से गुजर रही लाइन को हटाने के लिए कई बार अफसरों से शिकायत की थी, लेकिन अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते मुकेश की मौत हुई थी। इसके अलावा 15 सितंबर को डिबाई के गांव डिरौरा विश्वनाथपुर में एलटी लाइन टूटकर गिरने से दो सगी बहनें दुर्गेश व कल्पना पुत्री दलवीर सिंह की भी मौत हो गई थी। प्रकरण में अफसरों की लापरवाही सामने आने पर घटना के लिए एक्सईएन वेदप्रकाश अग्रवाल व एसडीओ मनोज कुमार को जिम्मेदार मानते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्तुति कर पावर कॉरपोरेशन के एमडी को रिपोर्ट भेजी गई है। इसके अलावा पूठरी कलां में हुए हादसे के लिए जेई हरजीत सिंह को जिम्मेदार मानते हुए डीएम ने उसे सस्पेंड कर दिया है।