25 अक्टूबर से चलेंगी जिले की चीनी मिलें
- जिला गन्ना अधिकारी और मिल प्रबंधन ने की तैयारी
- गन्ना खरीद को क्रय केंद्र लगाने और पर्ची का कलेंडर बनाने का काम हुआ तेज
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंशहर। जिले की चीनी मिल 25 अक्टूबर से चलने का अधिकारी दावा कर रहे हैं। मिल चलाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी और मिल प्रबंधन ने तैयारी करनी शुरू कर दी है। गन्ना खरीद को क्रय केंद्र लगाने और पर्ची का कैलेंडर बनाने का काम भी तेज हो गया है।
जिला गन्ना अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि जिले की अनूपशहर, अनामिका और साबितगढ़ चीनी मिल 25 अक्टूबर से संचालित होंगी। मिल चलाने के लिए मिल अफसरों से संपर्क कर तैयारी करने के आदेश जारी करने को रणनीति बना ली है। मिलों ने अपने-अपने गन्ना क्रय केंद्र लगाने को जमीन चिन्हित कर ली है। वहीं, विभाग की ओर से गन्ना किसानों की पर्ची का कैलेंडर बनाने का काम भी तेज हो गया है। जल्द ही किसानों के पास पर्ची के कैलेंडर पहुंच जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए विभाग ने खास रणनीति बनाई है।
............................
वेब शुगर मिल के नहीं मिले आदेश
जिला गन्ना अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि अभी विभाग को वेब शुगर मिल के संबंध में कोई आदेश नहीं मिले हैं। आदेश मिलते ही गन्ना क्रय केंद्र खोलने और पर्ची के कलेंडर जारी कर दिए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने पहले से ही तैयारी कर ली है।
....................
अनूपशहर मिल पर अभी 10 करोड़ बकाया
जिले की सभी चीनी मिलों ने किसानों के गन्ने का बकाया राशि का भुगतान कर दिया है। जबकि अनूपशहर चीनी मिल पर अभी भी किसानों का 10 करोड़ रुपये बकाया है। जिला गन्ना अधिकारी एमपी सिंह का कहना है कि किसानों के इस बकाया राशि का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। इसके लिए मिल प्रबंधन और शासन से संपर्क साधा जा रहा है।
.............................
मनोज कुमार-